छतरपुर जिले के हरपालपुर क्षेत्र से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला और बेहद मार्मिक मामला सामने आया है, जहां एक मां और उसके 6 साल के मासूम बेटे को बेरहम मौत ने एक साथ अपने आगोश में ले लिया. लू की चपेट में आने से जहां मां की आंखों के तारे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, वहीं कलेजे के टुकड़े की मौत का यह खौफनाक सदमा एक मां का ममतामयी दिल बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया. एक ही परिवार में मां-बेटे की इस तरह हुई अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है.

हरपालपुर का है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरपालपुर निवासी रजिया खातून (40 वर्ष) पति सोभान अहमद का 6 वर्षीय बेटा हसनैन अहमद शनिवार दोपहर अचानक तेज धूप और लू की चपेट में आ गया था. मासूम के मामा मोहम्मद सलीम ने रुंधे गले से बताया कि दोपहर करीब तीन बजे बच्चे ने अचानक पेट में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत की थी.

परेशान मां ने तुरंत उसे हरपालपुर के स्थानीय डॉक्टर को दिखाया, लेकिन जब हसनैन की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो ममता की मारी मां तड़पते हुए बच्चे को लेकर आनन-फानन में नौगांव के अस्पताल भागी. नौगांव में डॉक्टरों ने बच्चे की अत्यंत गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.

रास्ते में ही थम गई दोनों की सांसें

जब एम्बुलेंस छतरपुर की तरफ दौड़ रही थी, तभी रास्ते में झुलसा देने वाली तेज गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच मासूम हसनैन के शरीर ने काम करना बंद कर दिया और उसकी पल्स धीरे-धीरे पूरी तरह गिर गई. अपनी गोद में तड़पते और दम तोड़ते बच्चे को देख मां रजिया खातून चीख उठी.

मां ने लाख पुकारा, लेकिन हसनैन की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं. 6 साल के बेटे का निष्प्राण शरीर देख रजिया को ऐसा गहरा मानसिक आघात लगा कि उनका अपना दिल भी इस असहनीय दर्द को झेल नहीं पाया. जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जब दोनों का परीक्षण किया, तो मां और बेटे दोनों को ही मृत घोषित कर दिया.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!