

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के सीतापुर थाना पुलिस ने लंबित गिरफ्तारी एवं स्थायी वारंटों की तामिली के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी और हत्या से जुड़े मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में फरार वारंटियों की तलाश और लंबित वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीतापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेशपुर निवासी पुस्तक दास उर्फ पुष्कर (21 वर्ष), पिता लब्बूदास को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार पहले मामले में आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2023 के चोरी के प्रकरण (धारा 457, 380, 34 भादवि) में न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वहीं दूसरे मामले में वर्ष 2025 के हत्या एवं अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े प्रकरण में लगातार अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था।सीतापुर पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों वारंटों की तामिली की और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह आरक्षक देवनाथ भगत अतुल शर्मा एवं धनकेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











