

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत केंवरी ग्राम पंचायत में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां चार दिन पहले गिरे दो बिजली के खंभों को अब तक नहीं हटाया गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि खंभों में अब भी बिजली का प्रवाह जारी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों बिजली के खंभे सड़क के बीचों-बीच गिरे हुए हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर इन्हीं खंभों के ऊपर से बाइक, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को निकालने को मजबूर हैं। गांव की बसाहट के बीच गिरे इन खंभों के आसपास बच्चे भी खेलते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव में सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। बारिश के दौरान मिट्टी खिसकने से दोनों बिजली के खंभे गिर गए। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद विद्युत विभाग को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो खंभों को हटाया गया और न ही बिजली आपूर्ति बंद कर सुरक्षा के इंतजाम किए गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली बच्चे और किसान आवागमन करते हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।
मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच मनेजर राम ने बताया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है। उनका कहना है कि विभागीय कर्मचारियों की हड़ताल के कारण खंभों को व्यवस्थित करने का कार्य नहीं हो सका है। हालांकि ग्रामीण इस तर्क से संतुष्ट नहीं हैं और इसे विभाग की घोर लापरवाही बता रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर बिजली के खंभे सड़क पर गिरे पड़े हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हीं खंभों से घरों में बिजली की आपूर्ति भी जारी है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल गिरे हुए खंभों को हटाने, विद्युत आपूर्ति को सुरक्षित बनाने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि विद्युत विभाग इस गंभीर मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करता है, या फिर ग्रामीणों को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करना पड़ेगा।











