

अंबिकापुर: व्यापारिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपराधिक घटनाओ मे कमी लाने एवं नगर सुरक्षा मे व्यापारी वर्ग की सक्रिय साझेदारी एवं सहयोग बनाये रखने हेतु डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के सदस्यों समेत ज्वेलर्स दुकान संचालको एवं अन्य व्यापारिक संस्थानों के संचालको की बैठक लेकर नगर सुरक्षा के सम्बन्ध मे आवश्यक चर्चा कर आम सहमति बनाने के दिशा निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम मे आज़ दिनांक को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष मे चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के सदस्यों समेत महत्वपूर्ण व्यापारिक संस्थानों, ज्वेलर्स दुकान संचालको की संयुक्त बैठक ली गई।
बैठक मे निम्न विषयो पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई एवं नगर सुरक्षा मे सभी ने अपना सहयोग देने हेतु प्रतिबद्धता जताई गई।
(01) दुकानों एवं संस्थाओं के सामने उच्च गुणवत्ता के सी.सी.टी.व्ही. कैमरा लगाने, कैमरे की टाईमिंग को सही रखने और मेमोरी स्टोरेज अधिक से अधिक समय तक का रखने पर आम सहमति बनी।
(02) व्यापारियों के सहयोग से चौक-चौराहों पर आधुनिक सी.सी.टी.व्ही. कैमरा लगाने एवं पहले से लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरो के संधारण पर चर्चा हुई एवं आम सहमति बनी।
(03) संस्थान के अन्दर प्रवेश करने वाले ऐसे ग्राहक जिनका चेहरा ढका हो, हेलमेट लगाये हो अथवा मास्क पहनकर बैठे हो उनपर विशेष ध्यान दिया जाए।
(04) संस्थानों से बड़े रकम एवं सोने-चांदी को लाने और ले जाने के समय विशेष सावधानी एवं सतर्कता रखें, ध्यान रखें कि कोई आपका पीछा तो नहीं कर रहा है?
(05) सभी दुकानों/संस्थानों में आपातकालीन स्थिति के लिए निकटतम थाना, पुलिस कन्ट्रोल रूम एवं फायर ब्रिगेड कन्ट्रोल रूम का मोबाईल नंबर अवश्य रखें ताकि समय पर जानकारी दे सकें तथा आपके संस्थान जो भी सुरक्षा गार्ड दिन/रात में रहते हैं उनके पास यह आपातकालीन नंबर अवश्य रहे। साथ ही संस्थानों मे आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने का प्रयास करें।
(06) सभी दुकानों/संस्थानों में जो भी कर्मचारी रखते हैं उनका विधिवत पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराया जाए।
बैठक मे चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के सदस्यों समेत ज्वेलर्स दुकान संचालक एवं बड़ी संख्या मे नगर के व्यापारीगण समेत सायबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



















