बलरामपुर: बलरामपुर  जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर (सुईदोहर) में खेत की बाड़ी में लगाए गए नंगे बिजली तार की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक लहन राम पिता रामटहल, उम्र 40 वर्ष, निवासी गोवर्धनपुर (सुईदोहर) 8 सितंबर 2026 को अपनी बाड़ी में जुताई करने गया था। इसी दौरान पानी पीने के लिए वह रास्ते से राम सिंह के घर की ओर जा रहा था। बताया गया कि मक्का बाड़ी में सेंट्रिंग के नंगे तार में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। इसी तार की चपेट में आने से लहन राम की करंट लगने से मौत हो गई।घटना की सूचना पर त्रिकुंडा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 39/2026 दर्ज कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने सूचक एवं गवाहों के अलग-अलग बयान दर्ज किए। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, वाड्रफनगर के कनिष्ठ यंत्री से प्राप्त जानकारी एवं प्रतिवेदन के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।जांच में पुलिस ने पाया कि राम सिंह पिता सुधु राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी गोवर्धनपुर थाना त्रिकुंडा द्वारा विद्युत पोल से बिजली का तार खींचकर अपने घर के पास स्थित मक्का बाड़ी में सेंट्रिंग के नंगे तार में विद्युत करंट प्रवाहित किया गया था। पुलिस के मुताबिक इसी तार की चपेट में आने से लहन राम की मौत हुई।जांच में अपराध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी राम सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026, धारा 105 बीएनएस एवं विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान आरोपी को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!