
सूरजपुर: जिले में कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने दिनांक 21 सितम्बर 2026 की रात्रि थाना झिलमिली का औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अचानक थाना पहुंचकर थाना परिसर एवं पुलिसिंग से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए साथ ही थाना प्रभारी को क्षेत्र में सतत निगरानी, प्रभावी रात्रि गश्त एवं अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों से क्षेत्र की बुनियादी जानकारी, अपराधियों का रिकॉर्ड, घटनाओं का सटीक समय और विवरण सहित महत्वपूर्ण जानकारियों को नोट करने ‘‘ए’’ एवं ‘‘बी’’ नोटबुक चेक किया। जवानों से सीधे संवाद कर उनकी गुजारिशों एवं समस्याओं को सुना तथा आवश्यकतानुसार उनके निराकरण के संबंध में आश्वस्त किया। उन्होंने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं सजगता के साथ निर्वहन करने के लिए सभी को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यप्रणाली से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है।थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त व्यवस्था का विस्तृत ब्यौरा लिया। गश्त में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, क्षेत्र में भ्रमण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी तथा दिन व रात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त को प्रभावी एवं सतर्क तरीके से संचालित किया जाए, ताकि असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के समस्त पंजियों एवं रोजनामचा का बारीकी से अवलोकन कर सीसीटीएनएस कार्य और उसमें नियमित एंट्री को चेक किया, निगरानी गुण्डा बदमाशों की चेकिंग, थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों में दर्ज प्रविष्टियों, रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान थाना प्रभारी झिलमिली उप निरीक्षक सरफराज फिरदौसी सहित थाना के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।




















