जशपुर:  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम बालक की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जल्दी और अधिक पैसा कमाने की लालच में मासूम के शरीर के अंग निकालकर बेचने की योजना बनाई थी। इसी मंशा से उसने पहले बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और फिर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालक 5 नवंबर से गायब था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव उर्फ टंगनू के साथ खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था।

खेत के गड्ढे में बोरी के अंदर मिला मासूम का शव

7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा बच्चे की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ बालक का शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

सोशल मीडिया पर देखता था जल्दी पैसा कमाने के तरीके

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं होने के कारण वह अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाशता रहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर भी जानकारी देखता था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

शराब पिलाकर की मासूम की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 5 नवंबर को बच्चे के पिता और एक अन्य परिचित के साथ शराब पी। इसके बाद लौटते समय उसने रास्ते में मिले जितेंद्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। आरोपी बच्चे को अलग-अलग स्थानों पर ले जाने के बाद सन्ना खुटाटांगर से शराब और मुर्गा खरीदकर अपनी झोपड़ी में पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे को भी शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया, तब उसने पहले से रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद शरीर के अंग निकालकर बाल्टी में रखे

पुलिस की पूछताछ और आरोपी के मेमोरेंडम कथन के अनुसार, हत्या के बाद उसने बच्चे के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रखे। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया। आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा और अन्य सामग्री को भी अलग स्थान पर छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक बालक का शव, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे गए शरीर के अंग और आरोपी का मोबाइल फोन सहित अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले में थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की कथित मंशा जल्दी पैसा कमाने की थी। सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पैसा कमाने के विचार तलाशने के दौरान उसके मन में बच्चों के अंग बेचने का विचार आया, जिसके बाद उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!