

सूरजपुर: शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सूरजपुर के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण अमरकंटक स्थित नर्मदा उद्गम तक आयोजित किया गया। यह भ्रमण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एन. दुबे के निर्देशन तथा अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि पाण्डेय एवं सहायक प्राध्यापक श्री आनंद कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ते हुए प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत एवं क्षेत्रीय विकास के विभिन्न आयामों का प्रत्यक्ष अध्ययन कराना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने नर्मदा उद्गम स्थल के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व का अवलोकन किया तथा स्थानीय सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों का भी अध्ययन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एन. दुबे ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में शोध, अवलोकन एवं विश्लेषण की क्षमता विकसित करने के साथ-साथ प्रकृति एवं संस्कृति के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव विद्यार्थियों की समझ को अधिक व्यापक एवं व्यावहारिक बनाता है।सहायक प्राध्यापक आनंद कुमार पैकरा ने विद्यार्थियों को क्षेत्रीय अध्ययन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न आयामों की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थलों का अध्ययन किया और इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव बताया।











