
अंबिकापुर/लुण्ड्रा: खेतों से मोटर पंप और समरसिबल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ लुण्ड्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का मशरुका बरामद किया है। बरामद सामान में 5 मोटर पंप, 2 सेट समरसिबल पंप और चोरी की एक मोटरसाइकिल शामिल है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने 13 मई 2026 को थाना लुण्ड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत में लगे समरसिबल मोटर पंप के तार काटकर अज्ञात चोर मोटर पंप चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 111/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में लगातार मोटर पंप और समरसिबल चोरी की घटनाओं को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने थाना-चौकी प्रभारियों को संदिग्धों पर नजर रखने और चोरी के मामलों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में लुण्ड्रा पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की निगरानी शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से चोरी का सामान बोरी में रखकर कहीं ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा एक संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जबकि मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्यनारायण, उम्र 25 वर्ष, निवासी गढ़बीरा, थाना लुण्ड्रा बताया। उसके कब्जे से मोटर पंप और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल को अपने साथियों के साथ अंबिकापुर जिला अस्पताल परिसर से चोरी करना स्वीकार किया।पुलिस के मुताबिक, आगे पूछताछ में आरोपी ने बतौली, लुण्ड्रा, धौरपुर सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के खेतों से अपने साथी के साथ मिलकर मोटर पंप और समरसिबल चोरी करना बताया। आरोपी की निशानदेही पर 5 मोटर पंप, 2 सेट समरसिबल पंप और घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद मशरुका की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण में धारा 112 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है। वहीं, बरामद मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में थाना मणिपुर में पूर्व से मामला दर्ज है, जिसकी जांच मणिपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, महिला प्रधान आरक्षक सुषमा ब्रिजीट, प्रधान आरक्षक महेश सिंह, आरक्षक इबनुल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















