Oplus_16908288

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लडुवा के वर्तमान सरपंच फुलसाय टोप्पो ने पुलिस अधीक्षक को दो पृष्ठों का विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर राजू कुजूर तथा अन्य लोगों पर जानलेवा हमला, लगातार मारपीट, चुनावी रंजिश, धमकी और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार सरपंच ने बताया कि राजू कुजूर ने बड़े टांगी से उन पर जानलेवा हमला किया। घटना उस समय हुई जब वह खर्रा डांड की ओर से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। आरोप है कि राजू कुजूर रास्ते में टांगी लेकर सामने आ गया और मोटरसाइकिल रोकने का इशारा किया। नहीं रुकने पर चलती मोटरसाइकिल पर टंगी से हमला कर दिया। बचाव के दौरान उनके दोनों हाथ, घुटने, पैर की एड़ी और गर्दन में चोटें आईं। आरोप है कि राजू कुजूर ने गला दबाकर जंगल की ओर घसीटने का भी प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीण सुकदेव, पवन साय और सुंदर साय ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान आरोपी गाली-गलौज करते हुए कह रहा था कि उसने टीआई, पुलिस थाना, विधायक और सांसद को खरीद लिया है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले भी धमकी दी थी कि वह उसे जान से मार देगा और जेल जाने से भी नहीं डरता।

सरपंच ने अपने आवेदन में दावा किया है कि पंचायत चुनाव के समय से ही उनके खिलाफ लगातार साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच प्रत्याशी ज्ञानी तिर्की, दुहन कुजूर, रंजना कुजूर और जादू राम मिंज द्वारा चुनावी रंजिश के कारण उन्हें प्रचार तक नहीं करने दिया गया। शिकायत के अनुसार 27 फरवरी 2025 की रात उनके घर को चारों ओर से घेर लिया गया था ताकि परिवार का कोई सदस्य प्रचार के लिए बाहर न निकल सके। इसके बावजूद वे चुनाव जीतकर सरपंच बने।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चुनाव परिणाम आने के तीसरे दिन घर में बने भोजन, दाल, सब्जी और पीने के पानी में जहर मिलाने की साजिश की गई थी। सूचना मिलने पर उन्होंने भोजन और पानी की जांच कराने की बात कही, लेकिन ग्रामीणों ने यह कहते हुए रोक दिया कि अभी तक किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि राशन वितरण के दौरान केवाईसी के बहाने उन्हें परेशान किया गया। सरपंच का कहना है कि पीडीएस भवन में चावल वितरण के समय उनके साथ मारपीट की गई। इसके अलावा 31 मार्च 2026 को पंचायत भवन में आयोजित ग्रामसभा के दौरान भी पूरे गांव के सामने उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार इन मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

सरपंच ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी राजू कुजूर दो बार उनके घर में घुस चुका है। हालांकि उस समय घर में अधिक लोग होने के कारण कोई बड़ी घटना नहीं हो सकी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी को कुछ लोग शराब पिलाकर उनके खिलाफ भड़का रहे हैं ताकि उनकी हत्या कराई जा सके और भविष्य में चुनावी लाभ लिया जा सके। शिकायतकर्ता ने राजू कुजूर को आदतन बदमाश बताते हुए आरोप लगाया है कि उसने पहले भी अपने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की है।

सरपंच फुलसाय टोप्पो ने शिकायत पत्र सौंप कर पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।q

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!