बलरामपुर: छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर जिले में संचालित विभागीय आवासीय खेल अकादमियों हेतु वर्ष 2026-27 के लिए चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। यह चयन प्रक्रिया प्रदेश के प्रतिभावान बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चयन ट्रायल का आयोजन विभिन्न खेल विधाओं में किया जाएगा, जिसमें तीरंदाजी (बालक/बालिका), फुटबॉल (बालिका) एवं वेटलिफ्टिंग (बालक/बालिका) के लिए ट्रायल 28 एवं 29 अप्रैल 2026 को आयोजित होंगे। हॉकी (बालक/बालिका) एवं एथलेटिक्स (बालक/बालिका) के लिए चयन ट्रायल 30 अप्रैल से 01 मई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। सभी ट्रायल का समय प्रातः 07ः00 बजे से निर्धारित किया गया है।

निर्धारित पात्रता एवं आयु सीमा

इन चयन ट्रायल में राज्य के बालक एवं बालिका खिलाड़ी तथा अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।

चयन के लिए प्रक्रियायें

प्रथम दिवस में खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा रायपुर में किया जाएगा। द्वितीय दिवस में संबंधित खेलों के अनुसार कौशल परीक्षण आयोजित किए जाएंगे।

चयन ट्रायल के स्थान की जानकारी

तीरंदाजी का ट्रायल तीरंदाजी एरीना बालिका खेल छात्रावास के सामने रायपुर में आयोजित होगा। हॉकी के लिए चयन ट्रायल सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, पिच-02, बालक खेल छात्रावास के सामने रायपुर में होगा। फुटबॉल, एथलेटिक्स एवं वेटलिफ्टिंग के ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा, रायपुर में आयोजित किए जाएंगे।

चयनित खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं

अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, प्लेइंग किट एवं दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

पंजीयन कराने की प्रक्रिया

इच्छुक खिलाड़ी जिला कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं अथवा निर्धारित तिथि के प्रथम दिवस प्रातः 07ः00 बजे स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा, रायपुर में उपस्थित होकर सीधे पंजीयन करा सकते हैं।खेल अधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों से इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है, ताकि वे अपने खेल कौशल को निखारकर भविष्य के चौंपियन बन सकें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!