बलरामपुर। सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से प्राप्त एक लंबे समय से लंबित पीड़ित क्षतिपूर्ति प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस और प्रशासन ने पीड़ित परिवार को बड़ी राहत दिलाई है। वर्ष 2023 से लंबित मामले में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के हस्तक्षेप के बाद कलेक्टर कार्यालय से समन्वय स्थापित कर मृतक के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत कराई गई।

जानकारी के अनुसार, कोटडीह निवासी 19 वर्षीय संजय कुमार ने सुशासन तिहार के दौरान आवेदन देकर बताया था कि उनके पिता गोपी राम की 23 मार्च 2023 को पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचनामा, मर्ग इंटीमेशन तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त अंतिम जांच रिपोर्ट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज तहसील कार्यालय राजपुर में जमा किए जाने के बावजूद उन्हें राहत राशि प्राप्त नहीं हुई थी।

मामला पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के संज्ञान में आने पर उन्होंने इसकी गंभीरता को देखते हुए तत्काल कलेक्टर बलरामपुर से समन्वय स्थापित किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए मृतक के परिजनों के लिए महज 3 से 4 दिनों में 4 लाख रुपये की पीड़ित क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत कराई गई।

राहत राशि स्वीकृत होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर तथा चौकी डवरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। यह कार्रवाई सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के प्रभावी निराकरण का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!