


अंबिकापुर: सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के बासेन में रविवार रात करीब 8:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर रायगढ़ जिले के कापू से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बासेन के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर गिरे दो युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नान्हू (30 वर्ष) और जयप्रकाश (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं अकलसाय (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था, जिसकी वजह से उसकी जान बच गई।परिजनों के अनुसार, तीनों युवक अपने एक रिश्तेदार के दशकर्म की सूचना देने रायगढ़ जिले के कापू गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद पिकअप और ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गए।
बतौली पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहनों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





















