सागर : सरकारी प्राथमिक स्कूल में मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। मालथौन विकासखंड के गीधा प्राथमिक शाला में बच्चों के लिए तैयार की गई दाल में इल्लियां मिलने का दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि भोजन बच्चों को परोसने की तैयारी चल रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर दाल पर पड़ी। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दाल के भीतर इल्लियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ बच्चों के बर्तनों में भोजन परोसने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी थी। हालांकि, वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूलों में परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर फिर बहस शुरू हो गई है।

स्व सहायता समूह पर भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित विद्यालय में मिड डे मील तैयार करने और वितरण की जिम्मेदारी लक्ष्मी स्व सहायता समूह के पास थी। घटना के बाद भोजन की गुणवत्ता की निगरानी और व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

मामले को गंभीर मानते हुए सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भोजन की गुणवत्ता पर रखी जाएगी कड़ी नजर

जिला प्रशासन ने जांच के दौरान मिड डे मील की गुणवत्ता की विशेष जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ब्लॉक अकादमिक समन्वयक और ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर को सभी विद्यालयों में नियमित रूप से भोजन की गुणवत्ता की निगरानी करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा जिले के सभी छात्रावास अधीक्षकों को भी भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!