बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र स्थित भिलाई इलाके में संचालित एक गिट्टी क्रेशर प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। मजदूरी के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार सिंघल क्रेशर में कार्य के दौरान क्रेशर के झरना की सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान वहां लगा करीब डेढ़ क्विंटल वजनी लोहे का कीप अचानक टूटकर बरगीडीह थाना लुण्ड्रा निवासी मजदूर अलमोंन उरांव के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है और वह आदिवासी समुदाय से था। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

घटना के बाद इलाके में क्रेशर प्लांटों में नाबालिग मजदूरों से काम कराए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कई क्रेशर प्लांटों में नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों से मजदूरी कराई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसा सिंघल क्रेशर में हुआ, जो पहले विजय सिंघल के नाम से संचालित था। बाद में यह क्रेशर क्रेशर संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल को बेच दिया गया था। वर्तमान में मुकेश अग्रवाल अन्य तीन-चार साझेदारों के साथ मिलकर इसका संचालन कर रहे थे।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन और श्रम विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। बरियों चौकी प्रभारी किरणेश्वर प्रताप सिंह से मृतक के जानकारी के बारे में पूछा गया तो वो कुछ भी बताने से बचते नजर आए उन्होंने कहा कि मृतक के पोस्टमार्टम के इंतजार में हैं, पोस्टमार्टम के पश्चात ही आगे कोई कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!