

बलरामपुर/राजपुर। राजपुर नगर में निर्माणाधीन अंबिकापुर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग (एनएच) की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी एवं नगरवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य, उड़ती धूल, लगातार हो रही दुर्घटनाओं और पेयजल संकट से परेशान नागरिकों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
इसी कड़ी में शुक्रवार 8 मई 2026 को आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपकर आगामी 11 मई (सोमवार) को राजपुर नगर में धरना प्रदर्शन किए जाने की सूचना दी गई। ज्ञापन में नगरवासियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि अंबिकापुर–रामानुजगंज मार्ग के निर्माण के लिए राजपुर नगर के भीतर मुख्य सड़क को कई स्थानों पर खोद दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। सड़क खुदाई के बाद लंबे समय तक मरम्मत नहीं होने से पूरे नगर में धूल का गुबार बना रहता है, जिससे आम नागरिकों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं छोटे-बड़े वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और प्रशासन स्थिति सुधारने में गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। नगरवासियों का कहना है कि सड़क पर धूल और गड्ढों के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से नगर के कई वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लोगों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ने नागरिकों की चिंता और बढ़ा दी है।
आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण कार्य की अव्यवस्था का सीधा असर स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा है। धूल और खराब सड़क के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।
पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि राजपुर नगर के भीतर सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा धूल से राहत के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सकील अंसारी, ज़फर खान, विजय जेसवाल, अनमोल टोप्पो सहित पार्टी पदाधिकारी, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।





















