

लखनपुर( प्रिंस सोनी: सरगुजा पुलिस द्वारा स्कूली छात्रों को सुरक्षित यातायात, नए आपराधिक कानूनों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को लखनपुर स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी संपत पोटाई ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, नए कानूनों और साइबर अपराध से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नाबालिग छात्र-छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं से बचाना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति जागरूक करना था।
थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही बताया कि यदि समझाइश के बाद भी कोई छात्र वाहन लेकर स्कूल आता है तो उसके अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराध, पॉक्सो एक्ट, टोनही प्रताड़ना जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा कर कानूनी जागरूकता बढ़ाई गई।थाना प्रभारी ने छात्रों को नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया और ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने जैसी साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ वित्तीय लेनदेन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।










