गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:  सावन माह में जलेश्वर महादेव धाम, अमरकंटक एवं कबीर चबूतरा क्षेत्र में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और अनूपपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी तथा अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने संयुक्त रूप से धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान दोनों पुलिस अधीक्षकों ने जलेश्वर महादेव मंदिर, अमरकंटक मंदिर परिसर, कबीर चबूतरा, पार्किंग स्थलों, प्रमुख मार्गों तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जिलों के थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की।निरीक्षण के दौरान दोनों जिलों की पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

पुलिस अधीक्षकों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एवं अनूपपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे सावन माह के दौरान संयुक्त रूप से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि भगवान जलेश्वर महादेव, अमरकंटक एवं कबीर चबूतरा पहुंचने वाले श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!