

गौरेला-पेंड्रा- मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षकमनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में पेंड्रा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पेंड्रा पुलिस ने ग्राम बचरवार में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सोनू राठौर (30 वर्ष के कब्जे से 18 पैकेटों में रखा कुल 18 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











