

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और दुष्कर्म से जुड़े गंभीर मामले में गांधीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ने दिनांक 01 मई 2026 को चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान एक शादी समारोह के दौरान अनोज दास निवासी सलका पतरा टोली से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए। आरोपी ने विवाह का झांसा देकर अंबिकापुर के पटपरिया क्षेत्र स्थित किराए के मकान में कई बार बुलाकर शारीरिक शोषण किया।बाद में आरोपी द्वारा दूसरी लड़की से विवाह कर लेने पर जब प्रार्थिया ने विरोध किया तो उसने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें एवं वीडियो वायरल कर दिए। साथ ही लगातार धमकी देकर पुनः संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही थी।प्रार्थिया की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत धारा 65(1), 64(2) बीएनएस, आईटी एक्ट 2000 की धारा 67(बी) तथा पॉक्सो अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 09 मई 2026 को आरोपी अनोज दास (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आवश्यक मेडिकल प्रक्रिया के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक अमन पूरी एवं रमेश रजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















