PM Modi on Foreign Travel :  ईरान-अमेरिका तनाव और वैश्विक आर्थिक दबाव के बीच विदेश यात्रा पर अतिरिक्त टैक्स लगाए जाने की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक यह चर्चा तेज हो गई कि केंद्र सरकार जल्द विदेशी यात्राओं पर नया टैक्स लगा सकती है। लेकिन अब खुद प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सामने आकर इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है।

12 साल में पहली बार किसी खबर पर PM मोदी ने दी सीधी सफाई

देश की राजनीति में यह बेहद दुर्लभ माना जा रहा है, क्योंकि पिछले 12 वर्षों में शायद पहली बार ऐसा हुआ जब प्रधानमंत्री मोदी ने किसी मीडिया रिपोर्ट का सार्वजनिक रूप से खंडन किया हो।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि विदेश यात्रा पर किसी तरह का टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने का सरकार का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरों में ‘रत्ती भर भी सच्चाई नहीं’ है।

क्या कहा पीएम मोदी ने

प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहा कि सरकार लोगों के लिए ‘Ease of Living’ और ‘Ease of Doing Business’ को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है, न कि विदेश यात्राओं पर रोक या अतिरिक्त बोझ डालने के लिए।

उन्होंने साफ किया कि विदेशी यात्राओं पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लगाने का सवाल ही नहीं उठता।

क्यों फैली विदेश यात्रा पर टैक्स की चर्चा?

दरअसल कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वैश्विक आर्थिक संकट, बढ़ती तेल कीमतों और विदेशी मुद्रा पर दबाव को देखते हुए केंद्र सरकार विदेश यात्राओं पर अस्थायी टैक्स लगाने पर विचार कर रही है।

इन रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि प्रस्ताव उच्च स्तर पर चर्चा में है और इसे एक साल के लिए लागू किया जा सकता है। खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई।

सरकार ने साफ किया, कोई नया टैक्स नहीं लगेगा

प्रधानमंत्री के बयान के कुछ ही देर बाद संबंधित मीडिया संस्थान ने भी अपनी रिपोर्ट वापस लेते हुए खेद जताया। इसके बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई कि फिलहाल केंद्र सरकार विदेश यात्रा पर किसी नए टैक्स की तैयारी नहीं कर रही है।

ईंधन बचाने की अपील से जुड़ी थी चर्चा

हाल के दिनों में पीएम मोदी ने देशवासियों से फ्यूल बचाने, गैरजरूरी खर्च कम करने और जरूरत होने पर ही विदेश यात्रा करने की अपील की थी। इसी अपील के बाद विदेश यात्रा पर टैक्स लगाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।

हालांकि अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि लोगों से की गई अपील का मतलब किसी तरह का नया टैक्स या प्रतिबंध नहीं है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!