
अंबिकापुर: होली क्रॉस वीमेन्स कॉलेज अंबिकापुर के मनोविज्ञान विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में सरगुजा जिले के 21 विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं तनाव प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शांता जोसफ के संरक्षण तथा मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. ममता अवस्थी के निर्देशन में लगभग एक माह तक चले इस अभियान में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की सात छात्राओं ने सहभागिता निभाई।इस दौरान कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को तनाव के कारणों एवं प्रभावों से अवगत कराते हुए उसके प्रबंधन की व्यावहारिक विधियाँ सिखाई गईं। विशेष रूप से ज़ेंटैंगल (Zentangle), मंडला आर्ट थेरेपी एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया।
इस पहल में सभी 21 विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा। महाविद्यालय की यह पहल मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।











