
कोरबा: कोरबा जिले के कटघोरा-बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा जा रहे थे। इसी दौरान शुक्लाखार चौक के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया और पलटते हुए करीब 50 मीटर दूर जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार दोनों युवक शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे कटघोरा-बांकीमोंगरा मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे में गाड़ी के पहिए और कई अन्य हिस्से टूटकर अलग हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने से पहले गई एक युवक की जान
स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची आपातकालीन टीम ने दोनों घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने ग्राम चाकाबुड़ा निवासी रूपेश पटेल (18), पिता दिलीप पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं ग्राम बुंदेली निवासी आर्यन गोंड (18), पिता ओमप्रकाश गोंड की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
हादसे के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।











