
मध्य प्रदेश : सिंगरौली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। 26 सितंबर की शाम मोरवा थाना क्षेत्र स्थित घर में निधि का शव फंदे पर मिला था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अब उनके परिजनों ने सोनू सिंह नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि सोनू निधि के संपर्क में रहता था और कथित तौर पर उस पर लगातार नजर रखता था। पुलिस अब कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
होटल में नौकरी के दौरान सोनू से हुई थी निधि की पहचान
परिजनों के मुताबिक निधि मोरवा के जीएस ग्रैंड होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। इसी दौरान सिंगरौली आने वाले सोनू सिंह से उनकी पहचान हुई। परिवार के अनुसार सोनू पंजाब का रहने वाला था और एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करता था। काम के सिलसिले में उसका सिंगरौली आना-जाना रहता था और वह इसी होटल में ठहरता था।परिवार का कहना है कि शुरुआती जान-पहचान के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उनका संपर्क लगातार बना रहा। बाद में यही रिश्ता परिवार के लिए चिंता का कारण बन गया।
परिजनों का दावा-निधि पर लगातार नजर रखता था सोनू
निधि की मां हेमलता तिवारी ने आरोप लगाया है कि सोनू उनकी बेटी पर लगातार नजर रखता था। उनका कहना है कि निधि अक्सर कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगाए रहती थी और सोनू से संपर्क में रहती थी। परिवार के अनुसार घर में किसी रिश्तेदार के आने पर भी वह कथित तौर पर निधि से सवाल-जवाब करता था।मां का दावा है कि इस वजह से निधि मानसिक दबाव में रहती थी और काफी तनाव में दिखाई देती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शादीशुदा होने की जानकारी सामने आने का भी आरोप
परिजनों ने सोनू पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। मां के मुताबिक सोनू ने शुरुआत में खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन बाद में परिवार को उसके शादीशुदा होने और बच्चों का पिता होने की जानकारी मिली।परिवार का कहना है कि उन्होंने निधि को इस रिश्ते से दूर रहने के लिए समझाने की कोशिश की थी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा। इसी बीच निधि अपने भविष्य को लेकर भी कई योजनाओं पर काम कर रही थी और परिवार के मुताबिक वह बैढ़न में अपना घर बनवा रही थी।
घटना वाली शाम क्या हुआ था?
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन निधि ने घर में पूजा-पाठ किया और इसके बाद ऊपर अपने कमरे में चली गईं। कुछ समय बाद परिवार के मोबाइल पर सोनू सिंह का फोन आया। इसके बाद परिजन ऊपर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।दरवाजा खोलने पर निधि पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिलीं। परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय निधि की सोनू से फोन पर बातचीत होने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद सोनू से संपर्क को लेकर भी सवाल
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक घटना के बाद सोनू सिंह का फोन बंद बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। परिवार का कहना है कि घटना के बाद भी सोनू की ओर से निधि के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन आया था।यही वजह है कि अब जांच में सोनू के साथ निधि की आखिरी बातचीत, कॉल रिकॉर्ड और दोनों के बीच हुए संपर्क की जानकारी अहम मानी जा रही है। पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल और दूसरे साक्ष्य
निधि तिवारी की मौत के कारणों का अभी अंतिम रूप से खुलासानहीं हुआ है। पुलिस परिजनों के बयान के साथ-साथ फोन की कॉल डिटेल, घटनाक्रम से जुड़ी परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।निधि की मौत से जुड़े अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।




















