
Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि 2026 को लेकर देवी भक्तों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. इस बार नवरात्रि की अवधि को लेकर खास स्थिति बन रही है. पंचांग गणना के अनुसार, शारदीय नवरात्रि सामान्य नौ दिनों के बजाय 10 दिनों तक चलेगी. इसकी वजह सप्तमी तिथि का दो दिनों तक रहना बताया जा रहा है. तिथि के इस तरह दोहराव को तिथि वृद्धि कहा जाता है.इस बदलाव के कारण भक्तों को देवी आराधना के लिए एक अतिरिक्त दिन मिलेगा. वहीं नवरात्रि की शुरुआत की तारीख को लेकर भी लोगों के बीच भ्रम की स्थिति है, क्योंकि प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात से शुरू होगी, लेकिन उदया तिथि के आधार पर नवरात्रि का पहला दिन 11 अक्टूबर माना जाएगा.
क्यों 10 दिन की होगी शारदीय नवरात्रि
परंपरागत रूप से शारदीय नवरात्रि प्रतिपदा से नवमी तक नौ दिनों की होती है. लेकिन 2026 में पंचांग की तिथियों की गणना में बदलाव के कारण सप्तमी तिथि दो दिन रहने वाली है. इसी वजह से नवरात्रि की कुल अवधि एक दिन बढ़ जाएगी.पंचांग के अनुसार, इस बार नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलेगी. इस दौरान देवी के विभिन्न स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाएगी.
10 अक्टूबर की रात से शुरू होगी प्रतिपदा, फिर 11 अक्टूबर से क्यों मानी जाएगी नवरात्रि
आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात करीब 9:18 बजे शुरू होगी और 11 अक्टूबर की रात लगभग 9:31 बजे तक रहेगी. ऐसे में 10 अक्टूबर को सूर्योदय के समय प्रतिपदा तिथि मौजूद नहीं होगी.
हिंदू पंचांग में किसी पर्व या तिथि की मान्यता के लिए उदया तिथि को विशेष महत्व दिया जाता है. जिस तिथि के दौरान सूर्योदय होता है, सामान्य तौर पर उसी तिथि को उस दिन की मान्यता दी जाती है. इसी गणना के आधार पर 2026 में शारदीय नवरात्रि का पहला दिन 11 अक्टूबर माना जाएगा.
11 अक्टूबर को होगी घटस्थापना, मां शैलपुत्री की पूजा से शुरुआत
नवरात्रि का पहला दिन रविवार 11 अक्टूबर को होगा. इसी दिन प्रतिपदा तिथि में घटस्थापना की जाएगी और मां शैलपुत्री की आराधना के साथ नौ दिवसीय देवी उपासना क्रम शुरू होगा.दिल्ली में घटस्थापना के लिए सुबह 6:19 बजे से 10:12 बजे तक का समय बताया गया है. इस दौरान भक्त कलश स्थापना कर देवी की पूजा शुरू कर सकते हैं. इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक भी घटस्थापना का समय बताया गया है.
नवरात्रि शुरू होने से पहले तारीख जरूर कर लें स्पष्ट
2026 में प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात से शुरू होने के कारण नवरात्रि की शुरुआत को लेकर भ्रम हो सकता है. ऐसे में केवल प्रतिपदा के शुरू होने का समय देखने के बजाय उस दिन की उदया तिथि को ध्यान में रखना जरूरी है. पंचांग गणना के अनुसार इस बार नवरात्रि का आरंभ 11 अक्टूबर से होगा और 20 अक्टूबर तक इसका क्रम चलेगा.




















