

जशपुर: जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को शाम करीब 3:21 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुकेश सिंह सिदार (32 वर्ष), निवासी ग्राम ढोढ़ी टिकरा, थाना पत्थलगांव, अपने पास देसी कट्टा लेकर चिड़रा पारा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।तलाशी के दौरान गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज किया।पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को अवैध हथियार कहां से मिला और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है।











