

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा बलरामपुर नगरीय क्षेत्र में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कोटपा एक्ट कोटपा अधिनियम-2003 के प्रावधानों के तहत निरीक्षण किया गया इस दौरान विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के 100 मीटरे की परिधि के भीतर तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते पाए गए दुकानदारों तथा नाबालिगों द्वारा तंबाकू उत्पाद बेचने के मामलों में संबंधित फर्म एवं दुकान संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान दुकानों से सिगरेट, गुटखा, जर्दा, बीड़ी, मुनक्का सहित विभिन्न तंबाकू उत्पाद तत्काल जब्त किया गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को कोटपा अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश भी दी। और बताया गया कि स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों, अभिभावकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि बच्चों एवं किशोरों को तंबाकू उत्पादों की पहुंच से दूर रखने में सहयोग करें तथा विद्यालयों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करें।











