

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: विकासखंड लखनपुर अंतर्गत विभिन्न स्कूलों के नवप्रवेशी बच्चों के लिए शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन स्थानीय सामुदायिक भवन में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंजमुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। अतिथियों का स्वागत बैच एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और शाला प्रवेशोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को जीवन की सफलता का आधार बताया।
वहीं विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों को समाज, देश और स्वयं के विकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। सरकार द्वारा स्कूल प्रवेश को उत्सव के रूप में मनाने की पहल बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक संजय गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, राकेश अग्रवाल राजेंद्र जायसवाल दिनेश बारी, विक्रम सिंह,राकेश साहू, महेश्वर राजवाड़े सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।शाला प्रवेशोत्सव का यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया, जहां शिक्षा के प्रति उत्साह और जागरूकता का संदेश भी दिया गया।





















