

सूरजपुर। अमानत में खयानत के दो अलग-अलग मामलों में सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और पंजाब में दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में करोड़ों रुपये के माल की हेराफेरी की गई थी।
पहले मामले में ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने 14 जनवरी 2026 को थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट नयनपुर से ट्रक क्रमांक यूपी 61 एटी 2832 में 30 टन 160 किलो सरिया लोड कर उत्तर प्रदेश के भदौरी भेजा गया था। रास्ते में चालक राहुल सिंह यादव ने अन्य साथियों के साथ मिलकर लगभग 15.23 लाख रुपये मूल्य की सरिया का गबन कर दिया।इस मामले में सूरजपुर पुलिस पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए तीन ट्रक, जिनकी कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये थी, जब्त कर चुकी है। वहीं एक अन्य आरोपी सुनील विश्वकर्मा को मार्च 2026 में मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया था।
मामले में फरार चल रहे आरोपी अनिल यादव की तलाश जारी थी। डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में दबिश देकर आरोपी अनिल यादव (30 वर्ष) निवासी चौबेपुर, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 9 जून 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरे मामले में 19 फरवरी 2026 को बिश्रामपुर निवासी ऋषिकेश पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हिंद यूनाइटेड प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से रेहर भूमिगत खदान से दो ट्रकों में 80.29 टन कोयला ओडिशा भेजा गया था, जिसे चालकगण ट्रक सहित गायब कर फरार हो गए थे।इस मामले में पुलिस पूर्व में एक आरोपी बारू राम शर्मा उर्फ अमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मामले के दूसरे आरोपी जसपाल सिंह उर्फ बलजीत सिंह (43 वर्ष) निवासी जिला बरनाला, पंजाब को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे पंजाब में दबिश देकर पकड़ा। मामले में अभी दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एएसआई देवनाथ चौधर, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, इमरान खान एवं रविराज पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















