भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। हबीबगंज स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के डिपो परिसर में खड़ी वर्मा ट्रेवल्स की बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई बसों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब चार से पांच बसों में आग लगने की बात सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बस मालिक दीपक वर्मा भी पहुंचे घटनास्थल पर

आगजनी की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस डिपो में खड़ी गाड़ियों को आग से बचाने और लपटों पर काबू पाने के लिए राहत कार्य जारी है। बस मालिक दीपक वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग से कितनी बसों को नुकसान पहुंचा है और इसकी शुरुआत कैसे हुई, इस बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

दो सप्ताह पहले न्यू मार्केट में भी हुआ था अग्निकांड

भोपाल में यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब करीब दो सप्ताह पहले शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र न्यू मार्केट में भी आग लग गई थी। उस दौरान छोले-भटूरे की एक दुकान में आग भड़क उठी थी। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।उस घटना में आसपास की करीब पांच से छह दुकानें और आठ से दस रेहड़ियां आग की चपेट में आने की जानकारी सामने आई थी। आग लगने की संभावित वजह दुकान की भट्टी और शॉर्ट सर्किट बताई गई थी।

खेड़ापति हनुमान मंदिर तक नहीं पहुंची थीं लपटें

न्यू मार्केट में लगी आग के दौरान पास में स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर की दीवार के कारण लपटें मंदिर के अंदर तक नहीं पहुंच सकीं। उस अग्निकांड में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात कही गई थी। शुरुआती आकलन में नुकसान करीब 10 करोड़ रुपये बताया गया था।फिलहाल ISBT में बसों में लगी आग को लेकर दमकल और प्रशासन की कार्रवाई जारी है। आग लगने की वास्तविक वजह, नुकसान का आकलन और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद स्पष्ट होंगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!