रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे का आज दूसरा दिन है। रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी का आज का कार्यक्रम संगठन और सरकार से जुड़े अहम मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह से ही बैठकों का दौर शुरू होगा। इन बैठकों में विधायकों और सांसदों के कामकाज से लेकर सरकार तथा संगठन के बीच तालमेल तक कई विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

आज किस समय किसके साथ होगी बैठक?

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्मृति ईरानी सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान उनके क्षेत्रीय कामकाज, जनता के बीच सक्रियता और लोगों से संपर्क को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।

इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांसदों के साथ चर्चा होगी। बैठक में लोकसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और केंद्र सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों की समीक्षा की जाएगी।

दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि दौरे के पहले दिन कुछ मंत्रियों से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में आज की चर्चा में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय का मुद्दा प्रमुख रह सकता है।

दोपहर 3 बजे के बाद स्मृति ईरानी निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी।

पहले दिन नौ घंटे तक चला बैठकों का दौर

स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में करीब नौ घंटे तक लगातार बैठकें हुईं। इस दौरान प्रदेश महामंत्री, पार्टी पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक शामिल हुए। संगठन की स्थिति और आगामी राजनीतिक तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल उठाया कि भाजपा दोबारा सरकार बनाने के लिए किस तरह काम करेगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को एकजुट होकर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मन की बात कार्यक्रम में भी हुईं शामिल

पहले दिन संगठनात्मक बैठकों के बाद स्मृति ईरानी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ अभनपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने मन की बात कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

आज की बैठकों में जनप्रतिनिधियों के कामकाज, संगठन की सक्रियता और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर चर्चा होने की उम्मीद है। इन बैठकों के जरिए प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और सरकार के साथ समन्वय की समीक्षा की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!