अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" अभियान के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में टीम ने महज 24 घंटे के भीतर नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वाले एक बड़े सप्लायर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2026 को श्यामलाज गंगापुर क्षेत्र से आरोपी साहिल तिर्की को 20 नग नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। पूछताछ के दौरान साहिल तिर्की ने खुलासा किया कि उसने ये इंजेक्शन अंबिकापुर के सुभाष नगर स्थित महामाया गर्ल्स हॉस्टल वाली गली में किराये के मकान में रहने वाले दो भाइयों नितीश गुप्ता और सौरभ गुप्ता से खरीदे थे। दोनों आरोपी बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र अंतर्गत अलका गांव के निवासी हैं।साहिल के बयान के आधार पर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुभाष नगर स्थित किराये के मकान में दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर नितीश गुप्ता मौजूद मिला, जबकि उसका चचेरा भाई सौरभ गुप्ता फरार हो गया। जांच के दौरान नितीश गुप्ता के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 39 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन तथा 39 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।आबकारी विभाग ने आरोपी नितीश गुप्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और 8 जुलाई 2026 को विशेष न्यायालय अंबिकापुर में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि "ऑपरेशन क्लीन" के तहत यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि सरगुजा जिले में सक्रिय बचे हुए प्रमुख सप्लायरों में नितीश गुप्ता का नाम शामिल था। फरार आरोपी सौरभ गुप्ता की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।

पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह एवं रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!