

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करते हुए बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। लंबे समय से अटकी इस प्रक्रिया के पूरी होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने के बाद सरकारी नौकरी में आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।
वर्षों से लंबित था चयन
प्रदेश के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी वर्ष 2016 से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जाने का इंतजार कर रहे थे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को दोनों वर्षों के लिए कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें वर्ष 2018-19 के 344 और वर्ष 2019-20 के 439 आवेदन शामिल थे।
प्रारंभिक जांच के बाद 651 आवेदन स्क्रूटनी के लिए पात्र पाए गए। इसके बाद उच्चस्तरीय चयन समिति ने अंतिम समीक्षा करते हुए 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया।
सरकारी नौकरी का मिलेगा लाभ
उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिलने के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा में अवसर बढ़ जाएंगे। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में दो प्रतिशत पद उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। सूची लंबे समय तक जारी नहीं होने के कारण इन पदों पर नियुक्तियां भी प्रभावित हो रही थीं। अब चयन प्रक्रिया पूरी होने से इन खिलाड़ियों को आरक्षण का लाभ मिल सकेगा।
20 खेलों के खिलाड़ियों को मिला सम्मान
इस सूची में आर्चरी, बैडमिंटन, फेंसिंग, हॉकी, कराते, कयाकिंग-कैनोइंग, पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्वीमिंग, सॉफ्ट टेनिस, वुशू, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल, डेफ स्वीमिंग, व्हीलचेयर फेंसिंग और सॉफ्टबॉल सहित कुल 20 खेलों के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा दिया गया है।
खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे इंतजार के बाद सूची जारी होने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। इससे न केवल उन्हें सरकारी नौकरी में आरक्षण का लाभ मिलेगा, बल्कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।











