मध्य प्रदेश: धार जिले से मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। ग्राम अमझेरा के शर्मा परिवार ने अपनी दिवंगत माता कमलादेवी शर्मा की स्मृति को अनोखे अंदाज में जीवित रखने का फैसला किया। परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरणा लेते हुए जिला प्रशासन को 5 हजार पौधे भेंट किए, ताकि उन्हें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रोपित कर संरक्षित किया जा सके।

तेहरवीं पर निभाई अनोखी श्रद्धांजलि, सौंपे एक लाख रुपये मूल्य के पौधे

माता कमलादेवी शर्मा की तेहरवीं के अवसर पर उनके पुत्र अश्विन शर्मा, अरुण शर्मा और अविनाश शर्मा ने करीब एक लाख रुपये मूल्य के 5 हजार पौधे प्रशासन को सौंपे। परिवार का कहना है कि उनकी मां का स्नेह और आशीर्वाद अब इन पेड़ों के रूप में हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेगा। उनका मानना है कि जैसे मां अपने आंचल की छांव से परिवार को सुकून देती है, वैसे ही ये वृक्ष आने वाले वर्षों तक लोगों को छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेंगे।

वन विभाग ने लिया पौधों के संरक्षण का जिम्मा

कार्यक्रम में मौजूद जिला वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टी.आर. ने शर्मा परिवार की इस पहल की सराहना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वन विभाग इन पौधों के रोपण के साथ उनकी देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी पूरी गंभीरता से निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के ऐसे प्रयासों से जुड़ना चाहिए।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी की सराहना

इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी शैलेन्द्र सोलंकी, जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री, समाजसेवी अशोक जैन, भाजपा जिला मंत्री कमल यादव, धार प्रेस क्लब अध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, सुनील सचान सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम बताते हुए इसकी खुलकर प्रशंसा की।

मातृ सम्मान के साथ पर्यावरण बचाने का दिया मजबूत संदेश

शर्मा परिवार की यह पहल केवल अपनी मां को श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गई कि अपनों की याद को पेड़ों के माध्यम से जीवित रखा जा सकता है। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!