पश्चिमी दिल्ली : राजधानी के पश्चिम विहार इलाके में पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने जिम को निशाना बनाते हुए करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावरों ने जिम के बाहर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से जिम के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वहीं एक ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।इस ऑडियो में खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाला अनिल पंडित नामक व्यक्ति कथित रूप से यह कहता सुनाई दे रहा है कि गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग इसलिए कराई गई क्योंकि उनकी अभिनेता सलमान खान से नजदीकियां बढ़ रही थीं और सलमान खान गैंग का दुश्मन है। हालांकि वायरल पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दिल्ली पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फायरिंग करने वाले आरोपितों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो व पोस्ट की सत्यता भी जांच के दायरे में है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!