भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी होने से पहले बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लाभार्थियों की सूची से करीब एक लाख महिलाओं के नाम हटा दिए गए हैं। ऐसे में इन महिलाओं को जुलाई में मिलने वाली 1500 रुपये की किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा।

इन कारणों से कटे लाभार्थियों के नाम

बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम ई-केवाईसी और दस्तावेज सत्यापन पूरा नहीं होने के कारण हटाए गए हैं। जिन हितग्राहियों ने अपनी समग्र आईडी को बैंक खाते और आधार से लिंक नहीं कराया, उनका नाम सूची से बाहर कर दिया गया है।

इसके अलावा कुछ मामलों में समग्र आईडी निष्क्रिय या हट जाने, पात्रता की दोबारा जांच में अपात्र पाए जाने तथा परिवार में सरकारी कर्मचारी होने जैसी वजहों से भी महिलाओं का नाम योजना से हटा दिया गया है।

अगर नाम हट गया है तो क्या करें?

यदि आपका नाम लाभार्थी सूची से हट गया है, तो दोबारा पात्रता सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी और दस्तावेज अपडेट कराना जरूरी है। इसके लिए ये प्रक्रिया अपनाई जा सकती है—

  • समग्र पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • e-KYC विकल्प का चयन करें।
  • अपनी समग्र आईडी और कैप्चा दर्ज करें।
  • मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन पूरा करें।
  • इसके बाद आधार कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें।
  • सभी जानकारी अपडेट होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा पात्रता का पुनः परीक्षण किया जाएगा।

कब आएगी 38वीं किस्त?

लाड़ली बहना योजना की राशि सामान्यतः हर महीने 10 से 20 तारीख के बीच लाभार्थियों के खातों में भेजी जाती है। पिछली यानी 37वीं किस्त 14 जून को जारी की गई थी। ऐसे में जुलाई की 38वीं किस्त भी इसी अवधि में जारी होने की संभावना है। हालांकि, इसकी तारीख को लेकर राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!