

मध्य प्रदेश : मुरैना में दिनदहाड़े तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। स्कूल के बाहर से मासूम को उठाकर ले जाने की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट जारी करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
रेनबो पब्लिक स्कूल के बाहर से उठाकर ले गए मासूम
जानकारी के अनुसार, गायत्री कॉलोनी स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल में नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाला कार्तिक यादव स्कूल के पास मौजूद था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, उनमें से एक युवक स्कूल के पास पहुंचा, मासूम को गोद में उठाया और साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद जिलेभर में अलर्ट, पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी
बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। साथ ही संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
अपहरण की पूरी घटना स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।










