

मध्य प्रदेश : मुरैना जिले में कोर्ट के आदेश पर की गई बेदखली की कार्रवाई के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा गांव में एक परिवार को मकान खाली कराए जाने के बाद आक्रोश फूट पड़ा। विरोध में परिवार ने घर का पूरा सामान सड़क पर रख दिया, चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और न्याय की मांग उठाई।
कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस और प्रशासन ने कराया मकान खाली
जानकारी के अनुसार, मुड़ियाखेड़ा निवासी लक्ष्मी अपने परिवार के साथ वर्षों से इस मकान में रह रही थीं। परिवार का कहना है कि उनका इस घर से कई पीढ़ियों का रिश्ता रहा है। पड़ोसी परिवार के साथ जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद अदालत तक पहुंचा था। मामले में न्यायालय का फैसला आने के बाद मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए मकान खाली कराने की कार्रवाई की।
सड़क पर रख दिया घर का सामान, लग गया लंबा जाम
बेदखली की कार्रवाई से आहत परिवार ने पलंग, बर्तन, संदूक और अन्य घरेलू सामान सड़क पर लाकर रख दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य वहीं धरने पर बैठ गए। सड़क पर सामान फैल जाने से यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।
'तीन पीढ़ियां इसी घर में रहीं, अब सिर छिपाने की जगह नहीं'
पीड़ित परिवार की सदस्य लक्ष्मी ने कहा कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से इसी मकान में रह रहा था और तीन पीढ़ियां यहीं पली-बढ़ी हैं। उनका आरोप है कि अचानक बेघर कर दिए जाने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने और परिवार के पुनर्वास की मांग की है।











