

भिलाई : नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। निगम की संयुक्त टीम ने सुपेला के परदेशी चौक के पास दुकानों के बाहर सड़क तक फैले अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाते हुए रास्ता खाली कराया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें, सड़क पर फैल रहा था कारोबार
नगर निगम के मुताबिक, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के बाहर सामान और अन्य सामग्री रखकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर रहे हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के बाद निगम ने कार्रवाई का फैसला लिया।
निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने हटाया अवैध कब्जा
अभियान के दौरान जोन-1 उपायुक्त एवं जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, बेदखली प्रभारी विनय शर्मा, राजस्व विभाग की टीम, बेदखली अमला और पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई।
सड़क और फुटपाथ हुए खाली, निगम ने दी सख्त चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर किसी भी तरह का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शहर में यातायात को सुगम बनाने और नागरिकों की सुविधा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। निगम ने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक भूमि पर कब्जा न करें और शहर को व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।










