
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने 18 नवंबर 2026 को पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के राजपत्रित अधिकारियों सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुराने लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग प्रकरणों, गुम इंसान के मामलों, चालान, खात्मा एवं खारिजी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने और जिले की कुल अपराध पेंडेंसी को 10 प्रतिशत तक सीमित रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित चालानों को जल्द न्यायालय में प्रस्तुत करने और स्थाई वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
साइबर अपराधों पर विशेष निगरानी
साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एनसीआरपी एवं एमआरएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। म्यूल अकाउंट से जुड़े मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई करने तथा आईटी एक्ट के मामलों की प्रभावी विवेचना के लिए विशेष सेल गठित करने को कहा गया।
चोरी और नकबजनी के मामलों में सख्ती
संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चोरी एवं नकबजनी के लंबित मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट सहित अन्य कानूनों के तहत अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने और नियमित रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
CCTNS 2.0 के तहत थानों को मिले आधुनिक उपकरण
पुलिस व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और थानों के कामकाज को डिजिटल गति देने के लिए CCTNS 2.0 परियोजना के तहत आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अंतर्गत जिले को 24 कंप्यूटर, 28 मोबाइल, 16 टैबलेट और 10 प्रिंटर प्राप्त हुए हैं। इन उपकरणों का उपयोग ऑनलाइन कार्यों, रिकॉर्ड संधारण और डेटा एंट्री को तेज एवं व्यवस्थित बनाने में किया जाएगा।
इसके साथ ही CCTNS पोर्टल पर IIF-1 से IIF-5 तक की जानकारी समय पर अपडेट करने, समाधान ऐप, CRA पोर्टल, वात्सल्य ऐप एवं iRAD पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बी , एसडीओपी ग्रामीण राकेश बघेल, एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी, थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु डीएसपी निशांत गौरव कुर्रे सहित साइबर सेल प्रभारी, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का निराकरण, साइबर अपराधों पर कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया जाए।










