

बलरामपुर/राजपुर: प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त खामियों के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में देशभर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि इससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस ने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।ज्ञापन में प्रमुख रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। कांग्रेस ने नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर और अन्य आपराधिक प्रकरण तत्काल वापस लेने की भी मांग की।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाती रहेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक डॉ प्रीतम राम, जिला लघुवनोपज समिति अध्यक्ष लाल साय मिंज, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम बिहारी यादव, किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव बृजेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सतेंद्र पाण्डेय, सुनील भगत, ब्लॉक उपाध्यक्ष विद्यानंद दुबे, विकाश अंबष्ट, पीटर लकड़ा, आनंद मसीह, नूतन खलखो, लक्ष्मी सोनी, दीपिका तिर्की, नेहा चौबे, अनुराधा यादव, राजेंद्र मिश्रा, मनोज अग्रवाल, रूपेश यादव, रवि सोनी, प्रमोद ठाकुर, संजीव गुप्ता, कौशल चौबे, अमीन साय, आलोक सिंह, पंकज ठाकुर, सरजू लकड़ा, लुकेश यादव, श्याम दास, अविनाश तिग्गा, सुशील पैकरा, अनिल यादव, सोहर एक्का, अखिल श्रीवास्तव, नारद सिंह, रूप नारायण सहित कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











