नई दिल्ली। 15 अगस्त को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 19 वांछित आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। इन पोस्टरों को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाया गया है, ताकि आम लोग भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख सकें।

पोस्टरों में कई आतंकी संगठनों के वांछित चेहरे शामिल

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी पोस्टरों में विभिन्न प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े वांछित आतंकियों की तस्वीरें और विवरण शामिल हैं। इनमें इंडियन मुजाहिदीन, अल कायदा और खालिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों से जुड़े कई नाम शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इनमें से किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

इन संगठनों के वांछित आतंकी सूची में शामिल

जारी सूची में इंडियन मुजाहिदीन के रियाज भटकल और इकबाल भटकल के अलावा अल कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान, मोहम्मद उमर और सैयद मोहम्मद अर्शियान के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा 'खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स' के रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा, 'खालिस्तान टाइगर फोर्स' के अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला तथा 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' के हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा भी वांछित आतंकियों की सूची में शामिल हैं।

सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन वांछित आतंकियों के बारे में उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को नियमानुसार इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या सूचना को नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस या संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दें।

राष्ट्रीय पर्व से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा

स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय आयोजनों से पहले सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरतती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!