जशपुर:  सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने 52 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया वीवो मोबाइल फोन और जियो सिम भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को कुनकुरी निवासी करनैल सिंह (54), जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, जशपुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट देखा था। आरोप है कि पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

नोटिस देने पहुंची पुलिस तो भागने लगा आरोपी

शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार बेदी के खिलाफ बीएनएस की धारा 199 और 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए।विवेचना के दौरान पुलिस टीम आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने पोस्ट से संबंधित घटना में इस्तेमाल वीवो मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो सिम जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 17 अक्टूबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किए जाने पर उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!