
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शनिवार को बलौदाबाजार जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान राज्यपाल ग्राम चाम्पा पहुंचकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कॉन्फ्रेंस हॉल के उद्घाटन एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह में शामिल होंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शासकीय स्कूल में आयोजित समारोह में होंगे शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्यपाल रमेन डेका शनिवार सुबह 10 बजे लोक भवन, रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा ग्राम चाम्पा के लिए रवाना होंगे। ग्राम चाम्पा पहुंचने के बाद वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह में बढ़ाएंगे गरिमा
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। राज्यपाल की मौजूदगी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
दोपहर 3 बजे रायपुर के लिए होंगे रवाना
गौरतलब है कि, ग्राम चाम्पा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का गृह ग्राम है। राज्यपाल के जिला प्रवास को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात राज्यपाल रमेन डेका दोपहर 3 बजे ग्राम चाम्पा से कार द्वारा लोक भवन, रायपुर के लिए रवाना होंगे।



















