

भोपाल। भोपाल देहात पुलिस ने मंदिरों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह भोपाल, रायसेन और विदिशा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थित मंदिरों को निशाना बनाता था।गिरोह का सरगना रायसेन निवासी 31 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीनदयाल उर्फ दीना महाराज बताया गया है, जिसकी लंबे समय से पुलिस को तलाश थी।
चोरी से पहले भगवान के सामने जोड़ता था हाथ
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना दीनदयाल उर्फ दीना महाराज चोरी करने से पहले मंदिर में भगवान की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मंदिरों से चांदी के मुकुट, छत्र, दानपेटी में रखी नकदी और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर फरार हो जाता था।पुलिस के मुताबिक आरोपी केवल चोरी ही नहीं, बल्कि अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल रहा है।
चार लाख रुपये की धार्मिक सामग्री बरामद
पुलिस ने गिरोह के कब्जे से 16 चांदी के मुकुट सहित करीब चार लाख रुपये मूल्य की धार्मिक सामग्री बरामद की है। जब्त सामान में मंदिरों से चोरी किए गए कई अन्य धार्मिक उपयोग के सामान भी शामिल हैं।
करीब 10 थानों की पुलिस कर रही थी तलाश
लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं के कारण भोपाल, रायसेन और विदिशा के लगभग 10 थानों की पुलिस इस गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी। कई मामलों में आरोपियों की तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने गिरोह का पता लगाकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य मामलों की भी हो रही जांच
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि गिरोह ने तीन जिलों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी मंदिरों को निशाना बनाया हो सकता है। पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों और संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है।











