अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज और रिपोर्ट दिखाकर दुर्लभ पुरानी वस्तुओं तथा रेडियोएक्टिव पैकिंग सामग्री की खरीद-बिक्री के नाम पर 3 करोड़ 8 लाख 78 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र के गंगापुरखुर्द निवासी करमबेल कच्छप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जुलाई 2023 से सितंबर 2024 के बीच आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये वसूल लिए। आरोपियों ने खुद को दुर्लभ और कीमती वस्तुओं का कारोबारी बताते हुए फर्जी रजिस्ट्रेशन और रिपोर्ट दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया।शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की दो विशेष टीमों को पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश रवाना किया गया।जांच के दौरान मुख्य आरोपी डॉ. बल्ला रामा कृष्णा और संजय कुमार बिंद को बिहार के पटना रेलवे स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल की सहायता से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरे आरोपी बाबूलाल राजभर को वाराणसी से पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।पूछताछ और जांच में पुलिस को 3.08 करोड़ रुपये की ठगी के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में तेलंगाना निवासी डॉ. बल्ला रामा कृष्णा (51 वर्ष), वाराणसी निवासी संजय कुमार बिंद (38 वर्ष) तथा बाबूलाल राजभर (55 वर्ष) शामिल हैं।सरगुजा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना गांधीनगर पुलिस, साइबर सेल और रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!