बलरामपुर/रामानुजगंज। धान खरीदी वर्ष 2025-26 की लंबित भुगतान राशि तथा किसानों के नाम पर दर्ज कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण प्रकरण को लेकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रामानुजगंज के सामने चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन आंदोलन पांचवें दिन समाप्त हो गया। कलेक्टर संजय चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर एसडीएम आनंद नेताम द्वारा किसानों से चर्चा के बाद प्रशासन के आश्वासन पर धरना समाप्त कराया गया।

किसान नेता नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बीते चार दिनों से किसान बैंक परिसर के सामने धरने पर बैठे थे। किसानों का आरोप था कि उनकी जानकारी के बिना उनके नाम पर केसीसी ऋण दर्ज कर दिया गया, जिसके कारण धान बिक्री की राशि रोक दी गई है। किसानों ने फर्जी ऋण प्रकरणों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा लंबित धान भुगतान की मांग की थी।आंदोलन के चौथे दिन किसानों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की थी, जिसमें पांच किसान शामिल हुए। आंदोलन को लगातार विभिन्न किसान संगठनों और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिलता रहा। किसान नेता कमाल अहमद, संतोष यादव, किसान कांग्रेस के जिला महामंत्री विकास दुबे तथा डॉ. दिनेश यादव ने धरना स्थल पहुंचकर किसानों की मांगों का समर्थन किया।

इस दौरान किसान कांग्रेस के जिला महामंत्री अरविंद दुबे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि मृतक व्यक्तियों एवं जेल में बंद किसानों के नाम पर ऋण दर्ज होना गंभीर अनियमितता का संकेत है।आंदोलन के बीच प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मोबाइल फोन के माध्यम से किसानों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है और इस संबंध में मुख्यमंत्री तथा विभागीय अधिकारियों से चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में इस प्रकार की गड़बड़ियां सामने आई हैं तथा मामले की जांच के लिए उच्च स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

आंदोलन के पांचवें दिन कलेक्टर संजय चंदन त्रिपाठी की पहल एवं निर्देश पर एसडीएम आनंद नेताम धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन किसानों की मांगों को लेकर गंभीर है और किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में उचित निर्णय 23 जून तक लेने का प्रयास किया जाएगा।

वार्ता के दौरान किसान कांग्रेस के जिला महामंत्री अरविंद दुबे एवं किसान नेता नरेंद्र सिंह सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन के आश्वासन के बाद एसडीएम आनंद नेताम ने किसानों को जूस पिलाकर क्रमिक भूख हड़ताल एवं धरना समाप्त कराया।

किसान नेता नरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन स्थगित कर दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!