अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में श्रमिक संगठनों के विस्तार को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय श्रमिक संघ "इंटक" के बाद अब छत्तीसगढ़ असंगठित श्रमिक कल्याण संघ इंटक ने भी अपने संगठन को मजबूत करते हुए नई नियुक्तियां की हैं। दोनों संगठनों द्वारा अलग-अलग नियुक्ति पत्र जारी कर जिले में नेतृत्व को सशक्त करने का प्रयास किया गया है।

पहले जारी आदेश में अजय यादव को छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय श्रमिक संघ "इंटक" का जिला अध्यक्ष, बलरामपुर नियुक्त किया गया। वहीं दूसरे आदेश के तहत महेंद्र सिंह को छत्तीसगढ़ असंगठित श्रमिक कल्याण संघ "इंटक" का जिला अध्यक्ष, बलरामपुर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियां 01 मई 2026 से प्रभावी मानी गई हैं।

इन नियुक्तियों के पीछे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव रेड्डी, राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष "इंटक" डॉ. संजय कुमार सिंह की अनुशंसा को प्रमुख आधार बताया गया है। नियुक्ति पत्रों में दोनों नेताओं के सामाजिक कार्यों, संगठन के प्रति निष्ठा और नेतृत्व क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

दोनों नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार और मजबूती की अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसमें जिले में संगठन का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण करना, श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करना, उनके अधिकारों और हितों की रक्षा सुनिश्चित करना, संगठन की नीतियों का पालन कराना तथा समय-समय पर बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन करना शामिल है। साथ ही उच्च पदाधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी जोर दिया गया है।

संगठन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि अजय यादव और महेंद्र सिंह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे तथा जिले में श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देंगे।

इन नियुक्तियों से बलरामपुर जिले में श्रमिक संगठनों की सक्रियता बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर श्रमिकों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान और तेज़ी से होगा तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति बेहतर संरक्षण मिलेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!