रायपुर: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि बाकी संभागों में तापमान लगभग स्थिर रहा। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 मई को प्रदेश में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वर्षा के प्रमुख आंकड़ों में जगरगुंडा और सुकमा में 2-2 सेंटीमीटर तथा जगदलपुर में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय विभिन्न मौसम प्रणालियों के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पंजाब से नागालैंड तक फैली पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और दक्षिण छत्तीसगढ़ से तमिलनाडु तक बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।राजधानी रायपुर में 4 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!