छत्तीसगढ़ : कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने एक अहम पहल की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को 60 नए प्रशिक्षु उपनिरीक्षक (SI) मिले हैं, जिन्हें अब सीधे फील्ड ट्रेनिंग के लिए विभिन्न थानों में तैनात किया गया है।पुलिस अकादमी में बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये सभी अधिकारी अब जमीनी स्तर पर पुलिसिंग के वास्तविक अनुभव से गुजरेंगे।

फील्ड ट्रेनिंग के लिए जारी हुआ आधिकारिक आदेश

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी प्रशिक्षु SI 1 जून से 15 सितंबर 2026 तक फील्ड ट्रेनिंग में शामिल रहेंगे। इस दौरान उन्हें थाना संचालन से लेकर कानून व्यवस्था संभालने तक के हर पहलू की व्यावहारिक समझ दी जाएगी।प्रशिक्षण अवधि में ये अधिकारी पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त, संतरी ड्यूटी, सिटी पेट्रोलिंग, मालखाना प्रबंधन, मुल्जिम पेशी, न्यायालयीन कार्य, रिकॉर्ड संधारण और जनसंपर्क जैसी जिम्मेदारियों में सक्रिय रहेंगे।

अनुभवी अधिकारियों के साथ सीखेंगे पुलिसिंग के गुर

इन सभी प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को अनुभवी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। कमिश्नरेट क्षेत्र के कई प्रमुख थानों को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चुना गया है।

इनमें खम्हारडीह, खमतराई, कबीर नगर, गोलबाजार, मौदहापारा, कोतवाली, सिविल लाइन, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज जैसे थाने शामिल हैं।

जमीनी अनुभव से तैयार होंगे बेहतर अधिकारी

पुलिस विभाग का मानना है कि यह फील्ड ट्रेनिंग नए अधिकारियों को वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का महत्वपूर्ण अनुभव देगी। इससे वे अपराध जांच, शिकायत निवारण, विवेचना और कानून व्यवस्था बनाए रखने जैसे कार्यों को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।इसके साथ ही जनता से संवाद स्थापित करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की क्षमता भी विकसित होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!